देहरादून (देशयोगी अनुज)।।
राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा का राष्ट्रीय चिंतन शिविर आगामी 10 जुलाई को नई दिल्ली स्थित एमपी क्लब, नार्थ एवेन्यू में होगी। गुरुवार को यह जानकारी मोर्चा के संस्थापक- राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने देशबोध को दी।
उन्होंने बताया कि नियत तिथि व स्थान पर सुबह दस बजे शुरू होने वाली इस राष्ट्रीय चिंतन बैठक के प्रथम चरण में 10 से 12 बजे तक वाल्मीकि समाज एवं अनुसूचित समाज की महत्वपूर्ण समस्याओं पर खुली चर्चा होगी। जबकि दूसरे चरण में 12 बजे से 2 बजे तक आजादी के 75 वर्षों में वाल्मीकि समाज की दशा एवं दिशा विषय पर संगोष्ठी होगी।
श्री मकवाना ने बताया कि इस संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री भाजपा दुष्यंत गौतम उपस्थित रहेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रुप में, पूर्व डिप्टी स्पीकर लोक सभा एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पंजाब चरणजीत सिंह अटवाल, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि, सांसद, दिल्ली हंसराज हंस सम्मिलित होंगे तथा उनका अभिनंदन भी किया जाएगा।
श्री मकवाना ने बताया कि कार्यक्रम के तीसरे चरण में भोजन उपरांत 3 से 4 बजे तक राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के 05 पदों पर सर्वसम्मति से 03 वर्ष के लिए चुनाव किए जाएंगे। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रमुख महामंत्री और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के पद शामिल है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, मोर्चा के जनवरी 2023 में 25 वर्ष पूर्ण होने पर सिल्वर जुबली वर्ष में नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर विशाल वाल्मीकि स्वाभिमान सम्मेलन का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा तथा संगठन की 25 वर्ष की उपलब्धियों से संबंधित एक स्मारिका का प्रकाशन एवं विमोचन कराया जाएगा। इस विषय में भी संगठन अपनी कार्य योजना बनाएगा।
वाल्मीकि नेता श्री मकवाना ने बताया कि कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज का गौरव बढ़ाने वाले प्रोफेसर, डॉक्टर इंजीनियर प्रिंसिपल सेवानिवृत्त जज वरिष्ठ अधिवक्ता, पत्रकार बंधु, लेखक, खिलाड़ी एवं समाजसेवी को सम्मानित भी किया जायेगा।