टोक्यो (यूएनआई/आईएएनएस)।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का शुक्रवार को निधन हो गया। उनपर आज सुबह ही हमला हुआ था। यह हमला उस वक्त हुआ जब नारा शहर में शिंजो आबे भाषण दे रहे थे। हमलावर ने पीछे से उन पर दो गोलियां दागीं, जिसके बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर पड़े और उनके शरीर से खून बहता दिखाई दिया।
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दुःखद खबर पर टिवट करते हुये कहा है कि शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान है, इसलिए कल एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। उन्होंने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’
उधर, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मारने का नया वीडियो सामने आया है। इसमें हमलावर आबे पर पीछे से गोली चलाता दिखता है। इसके बाद धुआं ही धुआं दिखाई देता है।