देहरादून (देशयोगी पंकज जायसवाल)। तुलसी पीठाधीश्वर, जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज का स्वास्थ्य वर्तमान में पूर्णत: ठीक है। वह इस समय उत्तराखंड के देहरादून स्थित सिनर्जी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
सिनर्जी अस्पताल के निदेशक कमल गर्ग ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाराज जी को छाती में जकड़न के कारण शुक्रवार/शनिवार रात्रि लगभग एक बजे यहां लाया गया था। तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनकी जांच की। वह पूर्णत: स्वस्थ हैं।
दूसरी ओर, राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी आज सुबह जगद्गुरु के स्वास्थ्य की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में श्री राम कथा के दौरान, जगद्गुरु को सांस लेने में समस्या के पश्चात, आगरा के पुष्पांजलि अस्पताल ले जाया गया था। वहां भी उनकी स्थिति संतोषप्रद बताई गई थी। उनके उत्तराधिकारी के कहने पर उनको एयर एंबुलेंस से देहरादून के सिनर्जी अस्पताल लाया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रात ही उनके अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही आगरा के चिकित्सकों और पीठाधीश्वर जी के उत्तराधिकारी से बात की और एयर एंबुलेंस को दिल्ली से आगरा भिजवाया।