देहरादून (देशयोगी प्रभात)। भारत सरकार ने राज्यों में पूंजी निवेश के लिए विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) 2024-25 के अंतर्गत, उत्तराखंड पुलिस को कुल ₹65.38 करोड़ की धनराशि राशि स्वीकृत की है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अभिनव कुमार ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों और उत्तराखंड शासन द्वारा प्रस्तुत औचित्यपूर्ण प्रस्ताव के परिणामस्वरूप, केंद्र सरकार ने 20 सितंबर को यह धनराशि स्वीकृत की। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस की कार्यक्षमता और दक्षता को तकनीकी एवं आर्थिक रूप से सुसज्जित करने के लिए लगातार प्रयास की कड़ी में, प्रमुख निर्माण परियोजनाओं के लिए यह राशि स्वीकृत हुई है। उन्होंने बताया कि कुल ₹65.38 करोड़ की स्वीकृत राशि में से ₹28.09 करोड़ रुपए 156 आवासीय भवनों के निर्माण और ₹37.29 करोड़ की राशि कुल 6 पुलिस थाना और 14 पुलिस चौकियों के प्रशासनिक भवनों के ₹65.38 करोड़ के लिए है।
श्री कुमार ने इन परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री की सार्थक पहल का परिणाम बताते हुए,भारत सरकार का राज्य पुलिस की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं में बनने वाले भवनों से पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी कार्यकुशलता और मनोबल में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसका सकारात्मक प्रभाव जनहित में पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता पर भी पड़ेगा।