पेड़ नहीं तो जीवन नहीं, खूब करें वृक्षारोपण : निषाद

राष्ट्रीय

बदायूँ (देशयोगी अंतरिक्ष)।
उत्तर प्रदेश (यूपी) के बदायूँ में मंगलवार को राज्यमंत्री रामकेश निषाद की मौजूदगी में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के सचिव तथा जनपद के नोडल अधिकारी अभिषेक प्रकाश, भारत सरकार के संयुक्त सचिव अनूप मिश्र, जलशक्ति अभियान के तकनीकी अधिकारी कमलेश ओझा के साथ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिलाधिकारी दीपा रंजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ ओ पी सिंह आदि संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने 01 से 07 जुलाई तक चलने वाले वृक्षारोपण महाअभियान 2022 के तहत बरेली रोड स्थित बाल एवं युवा वन फौजी पड़ाव में पौध रोपण किया।

इस मौके पर श्री निषाद ने कहा कि प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण में हम सबसे काफी चूक हुई है। प्रकृति और संस्कृति के साथ खिलवाड़ हुआ है। नदी तालाब कुआं वृक्ष आदि की महत्वता को नहीं समझा। हमारी जरूरतें वृक्षों से ही पूरी होती हैं। वृक्ष हमारा संरक्षण करते हैं। आज हम आधुनिकता की ओर चले गए अपने वृक्षों को भूले। लेकिन याद रखना चाहिए कि वृक्षों का हमारे जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। उन्होंने आह्वान किया कि पौधा रोपण के प्रचार अभियान में भी भागीदारी करें। वृक्षारोपण अभियान में सभी लोग लगकर भागीदारी निभाएं।

वरिष्ठ आईएएस अभिषेक प्रकाश ने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण का कार्य किसी एक दिन का कार्य नहीं होता है। एक सतत और निरंतर प्रक्रिया है मानसून का समय वृक्षारोपण के लिए सबसे ज्यादा उपयुक्त समय माना जाता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के समय वृक्ष की एक नवजात शिशु की तरह देखभाल करनी होती है। पौधों को वृक्ष बनने में वर्षों का समय लगता है लेकिन शुरुआती छह माह बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। जब वृक्ष 5 वर्ष की आयु में आ जाता है तो वह स्वयं ही आगे बढ़ता है। 
श्री प्रकाश ने कहा कि भारत सरकार में अब वृक्षों को काटने की नीति समाप्त कर दी है। यदि अगर वृक्ष काटने भी होते हैं तो उसके पहले 125 प्रतिशत वृक्ष लगाए जाते हैं। जिस कंपनी के द्वारा यह काम किया जाता है तो उसके डीपीआर में यह शामिल रहता है। अगर जनपद से गंगा एक्सप्रेस से गुजर रहा है तो जनपद में 25 प्रतिशत पेड़ भी अधिक ही लगेंगे।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि जो हम बोलते हैं इस ब्रह्मांड में गूंजता है। हमारी सरकार के आने के बाद पेड़ों के कटान पर रोक लगी है। हमारी सरकार वृक्षों के संरक्षण के लिए चिंतित है। हमारे पृथ्वी में जितने ज्यादा पेड़ पौधे होंगे, उतनी ही धरती पर हरियाली और खुशहाली बनी रहेगी।

डीएम दीपा रंजन ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश में 35 करोड़ वृक्ष एवं जनपद में लगभग 54 लाख वृक्षों का रोपण 15 अगस्त तक किया जाएगा। 54 लाख वृक्षों के सापेक्ष 40 लाख वृक्षों को एवं इसके अतिरिक्त अगले 2 दिनों में 4 लाख वृक्षों एवं बाकी वृक्षों को 15 अगस्त तक लगाया जाएगा। वृक्षों को केवल लगाना ही नहीं है, बल्कि इनका संरक्षण एवं संवर्धन भी करना है। 
                                                                        भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करने की जिम्मेदारी सभी लोगों की है। पर्यावरण संरक्षण के लिए एक दूसरे को जागरूक करें। यह अभियान सिर्फ वृक्षारोपण तक ही ना जाए बल्कि वृक्षों के संरक्षण के लिए जिम्मेदारी उठाई जाए। कम होती वृक्षों की संख्या के कारण ही आज पृथ्वी का तापमान तेजी से बढ़ रहा है इसको दृष्टिगत रखते हुए सभी ज्यादा से ज्यादा वृक्षों को रोपित करें।
 इनके अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *