देहरादून (देशयोगी अनुज)।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू कल सोमवार (11 जुलाई) को उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगी। संसदीय कार्यमंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि श्रीमती मुर्मू सोमवार को सुबह दस बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां उनका स्वागत के लिए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक सहित सभी सांसद व संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यहां से वह कलेक्ट्रेट देहरादून स्थित शहीद स्थल पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने जायेंगी।
डा. अग्रवाल ने बताया कि 11 बजकर 15 मिनट पर श्रीमती मुर्मू सांसदों और विधायकगणों के साथ बैठक करेंगी। उन्होंने भाजपा के सभी 47 विधायक, और लोकसभा व राज्यसभा के सभी आठ सांसदों से मुख्य सेवक सदन में आयोजित बैठक में आवश्यक रूप से उपस्थित रहने को कहा है।