नई दिल्ली (देशयोगी सन्दीप गोस्वामी)।
08वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देश के कोने-कोने में लोग योग कर रहे हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित अनेक राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री अपने भवनों अथवा सार्वजनिक समारोह मे योगासन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैसूर में योग कर रहे हैं।
श्री मोदी ने यहां अपने सम्बोधन में कहा कि आंतरिक शांति वाले लाखों लोग वैश्विक शांति का माहौल बनाएंगे। इसी तरह योग लोगों और देशों को जोड़ सकता है, और योग हम सभी के लिए एक समस्या का समाधानकर्ता बन सकता है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह पूरा ब्रह्मांड हमारे अपने शरीर और आत्मा से शुरू होता है। ब्रह्मांड हम से शुरू होता है। और योग हमें अपने भीतर की हर चीज के प्रति जागरूक बनाता है और जागरूकता की भावना पैदा करता है।
पीएम मोदी ने कहा योग संपूर्ण मानवता के लिए है। योग विश्व में शांति लाता है। पीएम ने संयुक्त राष्ट्र का भी अभिनंदन किया। साथ ही कहा कि योग से शांति केवल व्यक्तियों के लिए नहीं है, यह हमारे राष्ट्रों और दुनिया में शांति लाता है।
पीएम मोदी ने देश के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं इस 8वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को बधाई देता हूं। आज विश्व के सभी भागों में योग का अभ्यास किया जा रहा है। योग निरोग जीवन को विश्वास दे रहा है और घर-घर में योग का प्रसार हो रहा है। साथ ही बोले योग वैश्विक पर्व बन गया है।