नई दिल्ली (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के खंडवा जनपद में एक 45 वर्षीया महिला से वीभत्स तरीके से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। महिला की मौत हो गई है। महिला बेहोशी की हालत में अपने पड़ोस के एक घर में मिली, उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था और शरीर के अंदरूनी अंग बाहर पड़े थे। आशंका जताई जा रही है कि महिला के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी या लोहे की रॉड डाली गई है। महिला की हालत और उसकी मौत के बाद इसे दिल्ली की निर्भया कांड जैसा माना जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, घटना आदिवासी अंचल खालवा थाना क्षेत्र की है। दुष्कर्म पीड़िता के दो बच्चे हैं। शनिवार दोपहर करीब एक बजे उसकी बेटी ने मां को गांव के ही हरी पालवी के घर बेहोशी की हालत में देखा। मां की हालत देखकर बेटी ने आसपास के लोगों को बुलाया। कुछ देर बाद महिला को होश आया तो उसने अपने साथ गलत काम होने की बात कही। जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक महिला ने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है, उसके प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। उसके पेट में मौजूद आंतरिक अंग बाहर पड़े हुए थे। पुलिस को आशंका है कि उसके प्राइवेट पार्ट में लकड़ी या लोहे की रॉड डाली गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर महिला के दो परिचितों को पकड़ा है, जिन पर उसके साथ गैंगरेप करने के आरोप हैं। दोनों आरोपी हरी पालवी और सुनील धुर्वे महिला के ही गांव के हैं और उसे अच्छे से जानते थे। गैंगरेप के बाद आरोपी महिला को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गए थे। गैंगरेप के बाद महिला गंभीर हालत में जमीन पर पड़ी तड़पती रही, कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में आक्रोश है।